March 28, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
चकेरी एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 31 मार्च से मुंबई के स्थान पर अब नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान संचालित की जाएगी। इस बदलाव को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही ग्रीष्मकालीन सत्र को ध्यान में रखते हुए सभी उड़ानों की नई समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।
वर्तमान में कानपुर से दिल्ली, बंगलूरू, हैदराबाद और मुंबई के लिए उड़ान सेवाएं उपलब्ध हैं। 

अब दिल्ली और नवी मुंबई के लिए उड़ानें प्रतिदिन संचालित होंगी। वहीं, बंगलूरू के लिए सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ानें रहेंगी। हैदराबाद के लिए सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ानें संचालित होंगी।
31 मार्च से नई समयसारिणी लागू होगी जिसमें नवी मुंबई की फ्लाइट का आगमन 11:55 बजे प्रस्थान 12:30 बजे,
हैदराबाद की फ्लाइट का आगमन 11:15 बजे प्रस्थान 11:50 बजे, बंगलूरू के लिए आगमन 01:55 बजे प्रस्थान 02:35 बजे और  दिल्ली की उड़ान का आगमन 03:35 बजे प्रस्थान 4:10 बजे रहेगा।
यह नई समय-सारिणी 31 मार्च से 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए यह बदलाव किया गया है, जिससे बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी ।