
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील क्षेत्र के महाराजपुर स्थित सुरजन सिंह इंटर कॉलेज में सोमवार को शहीद दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का आरंभ राष्ट्रगान से हुआ, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।
विद्यालय प्रधानाचार्य विनय प्रताप सिंह और हिमांशु मिश्रा के नेतृत्व में छात्रों ने महाराजपुर कस्बे में एक जागरूकता रैली निकाली। छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां और बैनर लिए “शहीद अमर रहें” और “वंदे मातरम्” जैसे नारे लगा रहे थे। रैली का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति और शहीदों के बलिदान के प्रति जागरूक करना था।
इसके उपरांत विद्यालय में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव, विनय प्रताप सिंह और ग्राम प्रधान दिनेश सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में 23 मार्च के दिन को देश के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक बताया, जब भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया था।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि शहीद दिवस केवल इन तीन वीरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित है जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहस, देशप्रेम और बलिदान की कहानियां आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों को शहीदों के आदर्शों पर चलने और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प दिलाया गया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। इस अवसर पर विराट प्रताप सिंह, पारुल मिश्रा, रुचि अग्निहोत्री एवं अन्य अध्यापकगण भी मौजूद रहे।






