March 25, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय अब सिर्फ डिग्री ही नहीं, बल्कि युवाओं के बिजनेस आइडिया को जमीन पर उतारने में भी मदद करेगा। 

विश्वविद्यालय के सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन और बेरी सेंटर टेक्नोलॉजी के बीच मंगलवार को एक बड़ा समझौता हुआ है। इसके तहत बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्टार्टअप्स को न केवल आर्थिक मदद मिलेगी, बल्कि उन्हें मार्केट की जरूरतों के हिसाब से तैयार भी किया जाएगा।
इस समझौते के बाद उन स्टार्टअप्स को पंख लगेंगे जो आधुनिक तकनीक पर काम कर रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भविष्य की तकनीक पर आधारित प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। साथ ही मशीन लर्निंग और पर्यावरण को ध्यान में रखकर बनाए गए सस्टेनेबिलिटी वाले बिजनेस मॉडल को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इन क्षेत्रों में काम करने वाले युवाओं को बेरीटेक की ओर से वित्तीय सहयोग दिया जाएगा, ताकि पैसों की कमी के कारण कोई अच्छा आइडिया दम न तोड़े।
इस पार्टनरशिप का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि स्टार्टअप्स को उद्योग जगत के जानकारों से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा। उन्हें विशेषज्ञों द्वारा यह सिखाया जाएगा कि अपने एक छोटे से विचार या काम को बड़े बिजनेस साम्राज्य में कैसे बदला जाए। मेंटरशिप और काम को विस्तार देने के इन नए अवसरों से कानपुर और आसपास के क्षेत्र का स्टार्टअप इकोसिस्टम काफी मजबूत होगा। 

Related News