
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के शिवराजपुर क्षेत्र स्थित नेवादा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स फ्री कराने को लेकर विवाद बढ़ गया। इस दौरान कुछ लोगों ने टोल कर्मियों पर हमला कर दिया और टोल मैनेजर विपिन कौशिक की पिटाई कर दी। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
टोल बूथ मैनेजर विपिन कौशिक ने बताया कि सदिकामऊ गांव निवासी गौरव सिंह उर्फ सोनू ठाकुर ने फोन करके कुछ वाहनों को बिना टैक्स गुजारने की मांग की थी। जब उन्होंने मना किया, तो गौरव ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद गौरव सिंह अपने साथी छोटे मंसूरी और तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ टोल बूथ पहुंचा और विपिन कौशिक पर हमला कर दिया। मारपीट में मैनेजर घायल हो गया। बताया गया कि आरोपी पहले भी टोल टैक्स देने को लेकर विवाद कर चुके हैं।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक वरुण शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो चुके थे। पुलिस ने गौरव ठाकुर, छोटे मंसूरी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि टोल कर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






