March 11, 2026

आज़ाद संवाददाता

कानपुर। बारिश थमने के बाद एक बार फिर से उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। पिछले दो दिनों में तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। गर्मी और उमस के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। घरों में एसी और कूलर लगातार चल रहे हैं, लेकिन राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल इस तरह की स्थिति कुछ दिन और बनी रहेगी। हालांकि, बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बीते शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को बढ़कर 32.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। सोमवार को भी यह 32.5 डिग्री सेल्सियस ही दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत और न्यूनतम 61 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की औसत गति 4.6 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जो दक्षिण से पश्चिम की ओर चली। पिछले 24 घंटे में शहर में 5.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रो. पांडेय के मुताबिक भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिनों तक हल्के बादल छाए रहेंगे। 14 अगस्त तक कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है। 16 अगस्त तक उमस और गर्मी का असर बना रहेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *