
संवाददाता
कानपुर। बंद चल रहे सीवर की समस्या से परेशान महिला मकान की दूसरी मंजिल पर चढ़ गई और बोली- समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कूदकर जान दे दूंगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझाया। करीब 8 घंटे बाद महिला मानी और छत से नीचे उतरी। यह पूरा मामला चकेरी थाना क्षेत्र का है।
अहिरवां के विराटनगर की रहने वाली महिला प्रतिभा पांडेय का आरोप है कि पिछले 8 महीने से उनके इलाके की सीवर लाइन चोक पड़ी है। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टालते रहे हैं। उनके मोहल्ले में करीब 50 घर हैं, जो पिछले सितंबर से सीवर जाम की समस्या से जूझ रहे हैं।
प्रतिभा पांडेय ने बताया कि घरों के बाहर गंदा और बदबूदार पानी भरा रहता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार यह जहरीला पानी घरों के भीतर तक पहुंच जाता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
प्रतिभा पांडेय ने कहा- नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। प्रतिभा का आरोप है कि संबंधित जेई से भी कई बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने अनदेखी की और अभद्र व्यवहार किया, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। महिला करीब 8 घंटे तक दूसरी मंजिल पर डटी रहीं। इस दौरान उनके पति सुनील पांडेय और परिजन लगातार उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बिना नीचे आने को तैयार नहीं हुईं।
सूचना मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने महिला से बातचीत की और जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रतिभा शांत हुईं और नीचे उतरीं।
प्रतिभा ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने केवल एक पाइप घर के बाहर रखवा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी काम शुरू नहीं हुआ तो वह सीधे लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगी।
वहीं जेई प्रदीप मौर्य ने बताया कि आज से ही सीवर लाइन की सफाई का काम शुरू हो जाएगा।
विराटनगर के करीब 50 परिवार पिछले 8 महीने से इस गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे उनका जीवन दूभर हो गया है। शिकायतों के बाद भी समाधान न होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।






