May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  शिवराजपुर कस्बे में एक शिक्षिका की नाबालिग बेटी के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर किशोरी को बरामद करके  आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद आरोपी पर अपहरण, पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, शिवराजपुर कस्बे में रहने वाली पीड़िता की मां एक डिग्री कॉलेज में शिक्षिका हैं। उनके पति लंबे समय से बीमार हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी घर से शिवराजपुर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अगले दिन परिजनों को जानकारी मिली कि अरौल थाना क्षेत्र के शेषपुर धर्मशाला गांव निवासी राजा अली, बन्ने अली का पुत्र, किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं।
इंस्पेक्टर जनार्दन यादव ने बताया कि लगातार दबिश और सर्विलांस की मदद से 48 घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपी राजा अली को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया था और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस दौरान उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज अपहरण के मुकदमे में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का परिवार शिक्षित और संभ्रांत है।आरोपी राजा अली को आवारा प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि उसने नाबालिग को प्रेम प्रसंग में फंसाकर इस घटना को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *