
संवाददाता
कानपुर। ईंटो से लदी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक एमएससी छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने दोस्त के साथ स्कूटी से चाय पीने जा रहा था। जैसे ही वह गुरुदेव इलाके के पास पहुंचे, तभी ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइड से स्कूटी में टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद दोनों गिर पड़े। स्कूटी चला रहे छात्र का सिर ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद उसका दोस्त मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मृतक के मोबाइल से परिजनों को हादसे की सूचना दी।
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे चल रही थी और उसके पीछे एक बाइक और स्कूटी आ रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तेजी से आगे निकल गया, लेकिन मोड़ होने के कारण स्कूटी ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में स्कूटी चला रहा छात्र ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गया। इसके बाद ट्रैक्टर को पीछे करके शव को बाहर निकाला गया। यह मामला रावतपुर थाना क्षेत्र का है।
मृतक छात्र की पहचान देवमणि वर्मा के रूप में हुई है। वह सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव का रहने वाला था। देवमणि वर्मा इस समय नवाबगंज स्थित एचबीटीयू से एमएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रह रहा था। देवमणि के पिता बनारस स्थित बीएचयू में प्रोफेसर हैं। परिवार में उसकी मां साधना वर्मा और बड़ा भाई सुनील वर्मा हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़े भाई सुनील वर्मा सुल्तानपुर से कानपुर पहुंचे। उन्होंने बताया-देवमणि एक साल पहले पढ़ाई के लिए कानपुर आया था। वह अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी से चाय पीने के लिए हॉस्टल से निकला था। जैसे ही वे रावतपुर के गुरुदेव इलाके के पास पहुंचे, तभी ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इतना ही नहीं, देवमणि का दोस्त भी बिना किसी को कुछ बताए मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद भाई सुनील वर्मा सुल्तानपुर से कानपुर के लिए रवाना हो गए।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश रॉय ने बताया- ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और उसके मालिक को हिरासत में लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।






