
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर नगर पंचायत की कान्हा गौशाला अब बेहतर प्रबंधन और सुविधाओं के कारण जिले में मिसाल बनती नजर आ रही है।
बुधवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने गौशाला का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को गौशाला में 166 गोवंश संरक्षित मिले ।
यही नहीं जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए उपलब्ध हरे चारे, पेयजल और रख-रखाव की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पाया कि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से गौशाला में हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है, जिससे गोवंशों को पौष्टिक आहार मिल रहा है।
भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए गौशाला में स्प्रिंकलर सिस्टम लगाया गया है। नगर पंचायत प्रशासन और चेयरमैन के सहयोग से संचालित यह व्यवस्था गोवंशों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है।
डीएम ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए अन्य गौशालाओं के लिए भी अनुकरणीय बताया।
निरीक्षण के दौरान गौशाला परिसर में किए गए वृक्षारोपण की भी प्रशंसा की गई। बड़ी संख्या में लगाए गए पौधों से परिसर हराभरा दिखाई दिया, जिससे वातावरण स्वच्छ और प्राकृतिक बना हुआ है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिवराजपुर की कान्हा गौशाला सुव्यवस्थित संचालन का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहां की व्यवस्थाओं से अन्य नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंशों की देखभाल, स्वच्छता और सुविधाओं के स्तर को लगातार बेहतर बनाया जाए।निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।






