May 13, 2026

कर्मचारी ने डीएम के नाम से नकली हस्ताक्षर करके  दिलवाया कनेक्शन, केस्को ने उखाड़ फेंका मीटर।


संवाददाता
कानपुर। जिलाधिकारी के फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए डूडा आवास में लिए गए बिजली कनेक्शन का मामला सामने आने के बाद शहर के बिजली विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
केस्को अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए संबंधित आवास की बिजली आपूर्ति काट दी और मौके से बिजली मीटर भी उखाड़ लिया। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब जेल में बंद आरोपी का पोस्टर नई केस्को एमडी को सौंपे जाने की चर्चा तेज हो गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले 18 दिनों से जेल में बंद है। इसके बावजूद उसके नाम और पोस्टर को लेकर विभागीय गलियारों में सियासी और प्रशासनिक हलचल बनी हुई है। डूडा परियोजना अधिकारी आवेश खान ने मामले को गंभीर मानते हुए केडीए सचिव को पत्र भेजकर संबंधित आवास को खाली कराने के आदेश जारी करने की संस्तुति की है।
जांच में सामने आया कि जिस बिजली कनेक्शन के आधार पर आवास में विद्युत आपूर्ति ली जा रही थी, वह जिलाधिकारी कानपुर के कथित फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए स्वीकृत कराया गया था। दस्तावेजों की जांच के बाद केस्को अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से कनेक्शन काटने के साथ मीटर भी हटवा दिया।
इस पूरे प्रकरण ने एक बार फिर शंभू सिंह के पुराने विवादित इतिहास को चर्चा में ला दिया है। आरोप है कि शंभू सिंह पहले भी फर्जी बिजली मीटर लगाने और विभागीय गड़बड़ियों में शामिल रहा है। यह मामला विधानसभा तक पहुंचा था, जहां आर्य नगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने इसे जोरदार तरीके से उठाया था। विधानसभा में सवाल उठने के बाद ऊर्जा मंत्री एके. शर्मा ने जवाब देते हुए बताया था कि आरोपी को केस्को से निष्कासित किया जा चुका है।
सूत्रों के अनुसार निवर्तमान केस्को एमडी अनिल कुमार धींगरा द्वारा गठित जांच समिति ने भी शंभू सिंह को दोषी माना था। समिति की रिपोर्ट के आधार पर उसे विभाग से बाहर का रास्ता दिखाया गया था। बावजूद इसके, अब सामने आए नए फर्जीवाड़े ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उधर, केस्को कर्मचारी संघ के महामंत्री दिनेश सिंह भोले ने आरोप लगाया कि जेल में बंद आरोपी का पोस्टर नई एमडी को दिखाकर विभाग की छवि धूमिल करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारियों और बाबुओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *