
संवाददाता
कानपुर। एक महिला की जहरीला पदार्थ खाने के बाद हुई मौत से परिजनों ने हंगामा कर दिया। मायके पक्ष के लोगों ने पति की प्रताड़ना से मौत होने का आरोप लगाया। जिस पर ससुरालीजनों से उनकी तीखी नोंकझोक हुई।
परिजनों का आरोप है कि पति शराब के नशे में धुत होकर आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। यह मामला बिठूर थाना क्षेत्र का है।
मूलरूप से हरदोई, संडीला के रहने वाले तेज प्रताप मौर्या की बड़ी बेटी पायल की शादी 11 साल पहले कन्नौज, सराय साहब मोहम्मद शाह निवासी किसान देवी प्रताप से हुई थी। उनके दो बच्चे ख्याति और एश्वर्य हैं।
मृतका की छोटी बहन मिष्ठी ने बताया कि बीते 3 साल से देवी प्रताप अक्सर शराब के नशे में धुत होकर बहन के साथ मारपीट करते थे। वो पिछले 3 महीने से परिजनों से बात भी नहीं करने देने देते थे।
4 अप्रैल को आखिरी बार बात हुई थी, जिस पर बहन ने आपबीती बयां की थी। फोन पर बातचीत के दौरान पायल ने मां शैल कुमारी से कहा था कि- मैं रोज की मारपीट से तंग आ गई हूं, अब जान दे दूंगी। मिष्ठी ने बताया कि इसके बाद बहन से फोन पर बात नहीं हुई।
23 जून को बहन ने जहरीला पदार्थ खा लिया, ससुरालीजनों ने उसे मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां बुधवार रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पायल की मौत के बाद ससुरालीनों ने मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। बिठूर पुलिस ने उन्हें शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मायके पक्ष की ससुरालीजनों से तीखी झड़प भी हुई।






