May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  कैंट थाना क्षेत्र में शनिवार को तड़के किसी अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गंगाघाट चौकी प्रभारी सन्नो वर्मा ने बताया कि, उन्हें जयपुरिया पुल के पास शांति पथ तिराहे पर एक महिला के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान महिला के हाथ पर ‘मुन्नी देवी’ नाम का टैटू गुदा मिला, जिससे उसकी पहचान हुई।
पुलिस के अनुसार, महिला के सामान की तलाशी में मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। बदायूं निवासी सत्यवीर ने बताया कि उनकी मां मुन्नी देवी  शुक्रवार को उरई के एक गांव में जनसार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्रेन से निकली थीं।
सत्यवीर ने बताया कि उन्हें शनिवार सुबह पुलिस से हादसे की सूचना मिली। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी मां ट्रेन से उतरकर घटनास्थल तक कैसे पहुंची, इसकी जांच के लिए वे पुलिस से शिकायत करेंगे।
सत्यवीर के अनुसार, पांच साल पहले उनके पिता कालीचरण का निधन हो चुका है। परिवार में वह अपनी मां के साथ रहते थे और खेती-बाड़ी से गुजारा करते थे।
थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *