June 28, 2026

यातायात विभाग को यथासंभव सहयोग का दिया भरोसा।

संवाददाता 

कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जागरूक नागरिकों ने यातायात विभाग के अधिकारी डीसीपी रवीन्द्र कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख यातायात समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है। यातायात सुधार के लिए डीसीपी को सौंपे गए ज्ञापन में रॉन्ग साइड, अव्यवस्थित कट और स्पीड गन बड़ी समस्या बताई गईं है ।

नागरिक मंच के सदस्यों ने विभाग से जहां कचहरी के पास एकल दिशा मार्ग, जीटी रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रमुख चौराहों पर किए गए सुधारों की सराहना की, वहीं कई स्थानों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को दुर्घटनाओं और जाम का कारण बताया। 

ज्ञापन में बताया गया है कि शहर की सबसे बड़ी समस्या रॉन्ग साइड वाहन संचालन है। टंडन सेतु, कटहरी बाग, जुगल पैलेस के सामने तथा कई अन्य स्थानों पर वाहन चालक खुलेआम गलत दिशा में आते-जाते हैं, जबकि यातायात चौकियां मौजूद होने के बावजूद प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखता।

नरोना-एलआईसी-पनचक्की तिराहे को सबसे बड़ा उलझन भरा क्षेत्र बताते हुए नागरिकों ने एकल दिशा मार्ग को पूरी तरह लागू करने, अधूरे डिवाइडर को पूरा करने तथा यू-टर्न की व्यवस्था को वैज्ञानिक ढंग से पुनर्गठित करने की मांग की है। एलआईसी चौराहे पर लगाए गए बैरिकेट हटाने और यातायात प्रवाह को सुगम बनाने का भी सुझाव दिया गया। 

ज्ञापन में जीटी रोड पर ग्लाइडर्स कार्यालय के पास लगी स्पीड गन और 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की सीमा पर भी सवाल उठाए गए हैं। नागरिकों का कहना है कि यह व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है और इससे अनावश्यक चालान बढ़ रहे हैं।

इसके अलावा टाटमिल चौराहे के गड्ढों की मरम्मत, ईदगाह बस अड्डे के बाहर खड़ी बसों को अंदर शिफ्ट करने, गोल चौराहे से अतिक्रमण हटाने तथा सभी कटों पर रिफ्लेक्टर व ब्लिंकिंग लाइट लगाने की मांग की गई है।

नागरिकों ने स्पष्ट कहा है कि वे केवल शिकायत नहीं कर रहे, बल्कि यातायात सुधार अभियान में विभाग के साथ हर संभव सहयोग देने को भी तैयार हैं।