May 13, 2026

संवाददाता 

कानपुर। नगर से कासगंज जा रही एक पैसेंजर ट्रेन में  आग लगने की अफवाह फैल गई। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बर्राजपुर रेलवे स्टेशन से पहले पकरा क्रासिंग के पास यात्रियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन रोक दी। कई लोग उतरकर भागने लगे। हालांकि बाद में यह अफवाह गलत साबित हुई।
इसके बाद ट्रेन चल पड़ी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की अफवाह पर जो लोग ट्रेन से उतरे थे, वह फिर से ट्रेन में सवार होने की कोशिश में दौड़ने लगे। ट्रेन के चलने से कई लोग गेट से लटक गए तो कुछ लोग चढ़ते समय गिर पड़े। ट्रेन के आगे जाने से छूटे हुए यात्री अपना सामान उसमें होने की बात कहकर पीछे-पीछे दौड़ते रहे।
कानपुर-फर्रुखाबाद रेलवे ट्रैक के किनारे नई गिट्टी डाली गई है। इससे ट्रेन आने से धूल मिट्टी उड़ने लगती है। आज शाम करीब 4 बजे ट्रेन जब पकरा क्रॉसिंग से आगे बढ़ी तो ट्रैक किनारे धूल उड़ने लगी। कुछ यात्रियों ने इसे धुआं समझ लिया। इससे ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई।
हादसे से बचने के लिए किसी ने चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकने के पहले ही लोग उससे उतरने लगे। कुछ ने चलती ट्रेन से ही नीचे छलांग लगा दी । ट्रेन करीब 10 मिनट वहां पर खड़ी रही। जब किसी तरह की गड़बड़ी की बात सामने नहीं आई तो ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
इस दौरान जो यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे लाइन किनारे खड़े थे, वह सवार होने के लिए दौड़ पड़े। इस आपाधापी में कई यात्री गेट से गिर पड़े। इनमें महिला यात्रियों की संख्या ज्यादा रही। पुरुष यात्री किसी तरह दौड़कर गेट का हैंडिल पकड़ने में कामयाब हुए, लेकिन वह भी जोखिम उठाते हुए दिखे। ट्रेन आगे बढ़ गई तो बड़ी संख्या में यात्री उसके पीछे दौड़ते हुए दिखे। कई महिलाएं हाथ से इशारा करके चिल्लाती दिखीं। वह ट्रेन में सामान रह जाने से परेशान दिखीं।
शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि पकरा क्रॉसिंग के पास एक ट्रेन रुकी हुई थी। आग लगने की सूचना पर कुछ यात्री उसमें से कूद गए हैं। इस सूचना पर मैं तत्काल मौके पर पहुंचा। ट्रेन मेंटेनर हुकुम सिंह मीणा व स्टेशन मास्टर बर्राजपुर रामचरित्र और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि शाम 4.00 बजे के करीब कासगंज एक्सप्रेस अनवरगंज से कासगंज की तरफ जा रही थी। ट्रैक के किनारे नई गिट्टी डाली गई है। इससे ट्रेन आने से थोड़ा सा धूल मिट्टी उड़ने लगती है। इसी का फायदा उठाकर किसी व्यक्ति ने चेन पुलिंग कर दिया गया। वह उतरकर चला गया। किसी ने यह अफवाह फैला दी की ट्रेन में आग लग गई है।
इससे कुछ लोग जल्दबाजी में नीचे उतर आए, लेकिन जब चेक किया गया तो ऐसी कोई घटना दुर्घटना नहीं पाई गई। इसके बाद ट्रेन का संचालन सुचारु रूप से संचालित हो गया। मौके पर कोई जनहानि व धनहानि नहीं पाई गई। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। अफवाह फैलाने वालों की तलाश की जा रही है।
इस संबंध में स्टेशन मास्टर रामचरित्र ने बताया कि उन्हें चेन पुलिंग के कारण ट्रेन रुकने की सूचना मिली थी। उन्होंने आग लगने जैसी किसी घटना की जानकारी से इनकार किया और कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।