• एक घंटे तक फंसे रहे लोग।

संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ स्थित गंगा पुलों पर शुक्रवार की सुबह भीषण जाम लग गया । पुराने और नए दोनों पुलों पर यातायात बाधित होने से हजारों वाहन चालक और यात्री घंटों फंसे रहे। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम का मुख्य कारण पुराने गंगा पुल पर एक कंटेनर का अचानक खराब होकर बीच रास्ते में खड़ा हो जाना था।
वहीं, नए गंगा पुल पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का सड़क मरम्मत का कार्य चल रहा था। इन दोनों बाधाओं के कारण उन्नाव से कानपुर आने वाला पूरा यातायात ठप हो गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उन्नाव की ओर करीब तीन किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। कार, बस, ट्रक, ऑटो और बाइक सवार तपती सड़क पर घंटों रेंगते हुए नजर आए। इस भीषण जाम में ऑफिस और टेनरी जाने वाले कर्मचारी फंसे रहे।
उन्नाव से कानपुर काम पर आने वाले टेनरी कर्मचारियों ने बताया कि वे आमतौर पर सुबह 9 बजे तक जाजमऊ की टेनरियों में पहुंच जाते हैं, लेकिन जाम के कारण उन्हें लगभग एक घंटे की देरी हुई। भीषण गर्मी और धूप में फंसे लोग बेहाल दिखे।
जाम में फंसे कई बाइक सवार बड़े वाहनों की छांव में खड़े होकर राहत तलाशते नजर आए, जबकि कुछ यात्री पानी की बोतलें लेकर सड़क किनारे इंतजार करते दिखे। बसों और ऑटो में बैठे लोगों को गर्म हवा और उमस ने अत्यधिक परेशान किया।
स्थिति बिगड़ती देखकर ट्रैफिक पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब कंटेनर को सड़क से हटवाया और धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही को सामान्य करने का प्रयास किया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात आंशिक रूप से सुचारु हो सका।
स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि सड़क मरम्मत का कार्य दिन के बजाय रात में कराया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जाम से बचने के लिए कई वाहन चालक गलियों और वैकल्पिक रास्तों से निकलने लगे, जिससे आसपास की सड़कों पर भी दबाव बढ़ गया।





