May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की पीजीटी भर्ती परीक्षा दूसरे दिन रविवार को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर सम्पन्न हुई । दोनों पालियों की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखी गईं।
लखनऊ से पेपर देने आए विशाल ने बताया कि 25 साल का था तब फार्म भरा था। अब 29 साल का हो गया हूँ  तब यह परीक्षा हुई। रिजल्ट जल्दी आ जाए तो बेहतर रहे। मैथ विषय के बारे में बताया कि मैट्रिक्स के सवाल ज्यादा थे। पेपर ठीक आया था। सफल होने के चांसेज है। रिजल्ट समय पर आ जाए तो बेहतर रहे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कई स्तर लागू किए गए। सबसे पहले पुलिस कर्मियों ने प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और अभ्यर्थी के फोटो का मिलान किया। इसके बाद दूसरी बार तलाशी ली गई ताकि किसी भी प्रकार की नकल सामग्री अंदर न जा सके। सभी जांच के बाद अभ्यर्थियों की रेटिना स्कैनिंग कर उनकी पहचान सुनिश्चित की गई।
रविवार को दोनों पालियों में कुल 18,825 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए । बड़ी संख्या में बाहर के जिलों से आए अभ्यर्थी शनिवार रात ही कानपुर पहुंच गए थे ताकि समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। कई अभ्यर्थी सीधे रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से परीक्षा केंद्रों की ओर जाते नजर आए।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पुलिस बल के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी भी तैनात रहे। प्रशासन ने केंद्र व्यवस्थापकों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे ।
कड़ी निगरानी और तकनीकी जांच के बीच परीक्षा सुचारू रूप से कराई गई, जिससे नकल और किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *