May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर विकास खंड के दादारपुर कटहा गांव में बंदरों के हमले बढ़ गए हैं। इन हमलों में अब तक 25 ग्रामीण घायल हो चुके हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, बंदरों के झुंड ने 25 लोगों को काटकर घायल किया है। घायलों में विकास त्रिवेदी, राजू शुक्ला, हर्षित शुक्ला, अंकित दिवाकर, माया द्विवेदी, शिवम, शिवगोविंद और छोटे शुक्ला शामिल हैं। इन सभी का उपचार कराया जा चुका है।
पूर्व में भी महिलाओं, बुजुर्गों और पुरुषों पर ऐसे हमले हुए हैं, जिनमें कई लोगों को टांके लगवाने पड़े थे। बंदरों के भय से महिलाएं घर से बाहर निकलने में हिचकिचा रही हैं। कई बार बचाव के दौरान लोग गिरकर भी चोटिल हुए हैं।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को सूचित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा मंगवाकर एक बंदर को पकड़ा भी था, लेकिन वन विभाग या ब्लॉक से बंदरों को पकड़ने के लिए कोई टीम नहीं भेजी गई।
खंड विकास अधिकारी बिल्हौर, नेमचंद ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर बंदरों को पकड़ने के लिए कोई प्रशिक्षित टीम उपलब्ध नहीं है और वन विभाग से भी ऐसी कोई टीम नहीं मिली है। वहीं, वन विभाग के रेंजर विजय श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *