July 14, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  सिर्फ एक बुलेट मोटरसाइकिल और जेवरों के लिए लड़के वालों ने युवती से तय हुआ निकाह तोड़ दिया। पीड़िता के परिवार ने काफी प्रयास किया मगर लड़के वालों ने उनको बेईज्जत किया। पीड़िता ने इस मामले में लड़के वालों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करा दी है।
गम्मू खां हाता निवासी फलक नाज के मुताबिक उसका निकाह जिन्नातों वाली मस्जिद बजीरबाग लखनऊ निवासी मोहम्मद सईद उर्फ शानू से तय हुआ था। इस निकाह को तय कराने में हाजी अमीन का हाता निवासी नौशाद आलम ने मुख्य भूमिका निभाई थी। नौशाद आलम ने इस रिश्ते को तय कराने के लिए फलक की मां से 11 हजार रुपए भी लिए थे।
फलक के मुताबिक 8 अक्टूबर 2024 को मोहम्मद सईद के बहनोई, रिश्तेदार नौशाद, फिरोज अहमद, इमरान और बहने उनके घर पहुंची। तब बातचीत के दौरान 22 नवम्बर 2024 को लिखित में मंगनी तय की गई। तब लड़के वालों ने बताया कि वो 60 आदमियों के साथ आएंगे। फलक के मुताबिक मंगनी के लिए इफ्तिखाराबाद में चीना पार्क को बुक किया गया। जिसमें खाने पीने की व्यवस्था के अलावा मंगनी में लड़के को नगदी, चांदी की अंगूठी दी गई। इस कार्यक्रम में फलक के परिवार का दो लाख रुपए खर्च हुआ। उसी दिन लिखित में यह तय हुआ कि बारात में  नवम्बर 2024 में 150 लोग आयेंगे।
फलक के मुताबिक इसके लिए बारात के लिए रूपम हॉल की बुकिंग की गई। लेकिन फलक की माँ से लड़के व लड़के की बहन रेशमा व सानिया उर्फ इनशा व नौशाद व फिरोज अहमद बहनोई ने बारात में बुलेट गाड़ी व अधिक जेवर की मांग की। फलक की मां ने इतना पैसा देने में असमर्थता जताई। लेकिन बुलेट का इन्तजाम करने का आश्वासन दिया।
फलक के मुताबिक इसके बाद लड़के वालों ने घर बुलाया। वहां पर बातचीत के दौरान वो अपनी जिद पर डटे रहे। जब बात नहीं बनी तो फलक के परिवार वालों ने मंगनी में हुए खर्च और लड़के को दिए गए पैसे की मांग कर दी। इसपर उन लड़के वालों ने उन्हें बेईज्जत किया। बाद में थोड़ा सामान वापस भी कर दिया। जब फलक के परिवार ने पूरा सामान वापस मांगा तो लड़के वाले भड़क गए। उन्होंने धमकी दी कि सामान वापस नहीं मिलेगा और ज्यादा मांग करोगी तो पूरे समाज में बदनाम अलग कर देंगे। कहीं की नहीं रहोगी। लड़के वालों ने यह भी धमकाया कि लड़के का रिश्ता तोड़कर दूसरी जगह उसका निकाह करेंगे।
कर्नलगंज इंस्पेक्टर रविन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लड़के वालों को बुलाकर बातचीत की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।