June 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने आईएएस कोचिंग के शिक्षक को टक्कर मार दी। इस हादसे में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
यह घटना जाजमऊ गंगापुल पार करने के बाद रामादेवी की ओर जाने वाले फ्लाइओवर पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई और फ्लाइओवर के पैदल ट्रैक से टकराकर रुकी।
घायल शिक्षक की पहचान लखनऊ के विकास नगर निवासी शिशिर कुमार के रूप में हुई है। वह कोकाकोला चौराहा स्थित रेस आईएएस कोचिंग में पढ़ाते हैं। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जाजमऊ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस की मदद से घायल शिक्षक को कांशीराम अस्पताल भिजवाया। बाद में उनके सहकर्मी पवन ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोकाकोला क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करके आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News