
संवाददाता
कानपुर। आज सुबह से ही आसमान साफ रहने के कारण तेज धूप निकली, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर होते-होते धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सड़कों पर निकलने वाले अधिकांश लोग चेहरे को कपड़े से ढंककर और सिर पर अंगौछा रखकर धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए। आज शाम को बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले दिन 27 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ जून की सबसे गर्म रात दर्ज की गई।
आज भी दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली गर्म हवाओं ने लू जैसा एहसास कराया। शाम तक गर्म हवाओं का असर बना रहा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। बाजारों और प्रमुख सड़कों पर दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही दिखाई दी।
सीएसए की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि तापमान में कमी के बावजूद तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण गर्मी का असर बरकरार रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री की गिरावट के साथ 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की औसत गति 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी पांच दिनों के दौरान आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने की संभावना है। इन दिनों में कभी भी तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में और गिरावट तथा लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल दिन में तेज धूप निकलेगी जो की गर्मी से बेहाल करेगी। तेज धूप के कारण लो प्रेशर क्रिएट होगा, जिसके कारण शाम को बादल छाने के साथ बौछारें पड़ सकती है। हालांकि इस बार मानसून 10 प्रतिशत कम रहने की संभावना है।






