June 15, 2026

संवाददाता 

कानपुर। बलात्कार की शिकार हुई पीड़िता एमएससी  छात्रा ने वीडियो जारी करके अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।जारी वीडिओ में छात्रा ने कहा है कि मैं कानपुर नगर में रहकर पढ़ाई कर रही हूं। मैंने यूपी पुलिस में ट्रेनिंग कर रहे एक कॉन्स्टेबल के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। कोतवाली पुलिस ने मेरा मुकदमा दर्ज करके आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार भी किया, लेकिन अब उसे जमानत मिल चुकी है। आरोपी पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ और प्रभावशाली व्यक्ति है।
इस वजह से मुझे अपनी सुरक्षा को लेकर डर महसूस हो रहा है। मैं एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हूं। मैं एससी समाज की लड़की हूं, मैं कानपुर पुलिस अधिकारियों से निवेदन करती हूं कि मेरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और पूरे प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
काकादेव में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एमएससी छात्रा ने बताया- 19 जनवरी 2026 को वह आगरा परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन में अलीगढ़ के खैर के रहने वाले योगेंद्र सिंह से मुलाकात हुई, उसने खुद को यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल बताया और कानपुर की रिजर्व पुलिस लाइन में ट्रेनिंग करने की जानकारी दी।
फिर योगेंद्र ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर मेरा मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़ित ने बताया- बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा और उसकी मां से भी बात की।
22 फरवरी को आरोपी ने मिलने के लिए बुलाया और जबरन रेप किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो और फोटो भी बना लिए। आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार रेप किया।
पीड़ित ने आरोप लगाया था कि शादी का दबाव बनाने पर आरोपी कॉन्स्टेबल ने इनकार कर दिया। साथ ही अश्लील वीडियो वायरल कर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता ने कोतवाली थाने में 14 अप्रैल को आरोपी कॉन्स्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने अगले ही दिन आरोपी को गिरफ्तार करके  जेल भेज दिया था। लेकिन बाद उसे जमानत मिल गई। 

Related News