June 15, 2026

4 सदस्यीय तकनीकी कमेटी का हुआ गठन।

संवाददाता 
कानपुर।
  ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम के पुनर्विकास की तैयारी तेज हो गई है। खेल विभाग के निर्देश पर स्टेडियम को आधुनिक और हाईटेक बनाने के लिए एक चार सदस्यीय तकनीकी कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के लिए एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
इस जीर्णोद्धार योजना का मुख्य फोकस स्टेडियम की जर्जर ‘सी-बालकनी’ पर है। पहले चरण में इस पुराने हिस्से और गैलरी को ध्वस्त किया जाएगा। इसकी जगह एक तीन मंजिला वीवीआईपी गैलरी का निर्माण होगा, जिसमें लगभग 500 वीवीआईपी मेहमानों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसी हिस्से में करीब 15 हजार दर्शकों के लिए भी आधुनिक बैठने की क्षमता विकसित की जाएगी।
ग्रीनपार्क स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 27,400 से बढ़ाकर 50 हजार करने का लक्ष्य है। इसके अतिरिक्त, बारिश के कारण मैच बाधित न हों, इसके लिए विश्वस्तरीय ड्रेनेज सिस्टम लगाने का भी प्रस्ताव है। लगभग 250 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से यह स्टेडियम तीन चरणों में पूरी तरह से नया रूप लेगा।
मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने शासन के निर्देश पर यह कमेटी गठित करके इसमें केडीए के मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, एचबीटीयू के तकनीकी अधिकारी और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को  शामिल किया हैं। यह टीम स्टेडियम की मौजूदा संरचनाओं का तकनीकी मूल्यांकन कर रही है और यह तय करेगी कि नए स्वरूप के लिए किन पुरानी इमारतों को हटाना आवश्यक है।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया है कि पुनर्विकास की प्रक्रिया को तेज करने के लिए तकनीकी टीम को सात दिन का समय दिया गया है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर संशोधित डीपीआर शासन को भेजी जाएगी, जिसके बाद बजट आवंटन और निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। 

ग्रीनपार्क के इस नए स्वरूप से न केवल शहर की खेल सुविधाओं में इजाफा होगा, बल्कि भविष्य में यहाँ बड़े अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन की राह भी आसान हो जाएगी। 

Related News