
आ स. संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर में 12 साल की किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके शव को खेत में फेंक कर आरोपी फरार हो गए। हत्या करने से पहले आरोपियों ने उसे यातनाएं दीं। उसके शरीर को नोचा। विरोध पर उसे बेरहमी से पीटा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर से लेकर पैरों तक गंभीर चोटो के निशान मिले हैं।
वहीं रेप की आशंका के चलते स्लाइड बनाकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजी गई है। दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।
महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 27 जनवरी की शाम को एक 12 साल की किशोरी अपनी बकरियां चराकर घर लौटी थी। उसकी एक बकरी खेत में छूट गई थी। उसे खोजने के लिए किशोरी अपनी मां और बहन के साथ खेत की ओर गई थी।
बकरी को खोजते हुए मां-बेटी एक साथ दूसरे रास्ते पर निकल गईं। जबकि किशोरी अकेले रह गई। काफी देर बाद जब बकरी नहीं मिली तो मां-बेटी घर आईं। यहां देखा कि किशोरी नहीं लौटी थी। देर शाम तक घर नहीं लौटी थी। परिवार और गांव के लोगाों ने काफी तलाशा, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला।
30 जनवरी की सुबह उसका शव खून से लथपथ हालत में अरहर के खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार सहित कई अफसर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने भी मौके पर पड़ताल की। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
किशोरी का पोस्टमार्टम डॉ. अजीत यादव और डॉ. प्रेम लता ने किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक किशोरी के शरीर पर 40 से ज्यादा चोटों के निशान मिले। उसके कंधे और चेहरे पर 18 चोटें मिलीं। कंधे से लेकर कमर तक 19 चोटें और कमर के नीचे 3 चोटें मिलीं।
किशोरी के मौत की वजह गला घोंटा जाना पाई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक गला दबाकर हत्या करने से पहले किशोरी को यातनाएं दी गईं। उसे नोचा गया। इसके बाद उसकी किसी भारी वस्तु से जमकर पिटाई की गई। प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन रेप की आशंका के चलते स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी गई है।
किशोरी के भाई ने पुलिस को बताया कि बड़ा गांव निवासी मुकेश, अजय और उदयभान कुछ समय पहले पिता के साथ बैठकर शराब पीते थे। किशोरी जब लापता हुई तो मां ने इन्हीं पर आशंका जताई थी। इन तीनों ने धमकी दी थी कि जो हाल बेटी का हुआ है, वो पूरे परिवार का कर देंगे। पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है।
डीसीपी ईस्ट श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक तीनों से पूछताछ जारी है। कई बिन्दुओं पर सत्यापन किया जा रहा है। बताया कि जिस तरह से किशोरी की हत्या की गई है। उससे ऐसा लगता है कि आरोपियों को किशोरी पहचान गई होगी। इसलिए उन्होंने उसकी निर्मम हत्या कर दी।