May 4, 2026

संवाददाता
कानपुर।  घाटमपुर में जनगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई है। एसडीएम, तहसीलदार ने नुक्कड़ नाटक के साथ परिसर में स्थित कुएं में जनगणना जागरूकता के तहत पेंटिंग कराई है। अधिकारियों ने लोगो से अपील की है, कि सभी जनगणना अधिकारियों को अपने परिवार की सही जानकारी दें। प्रत्येक डेटा को एक ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा।
घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि तहसील परिसर में बना कुआं ब्रिटिश काल का है, उन्होंने जनगणना जागरूकता अभियान के तहत कुएं में पेंटिंग कराई है। ताकि तहसील परिसर में आने वाले लोगों को जनगणना के लिए जागरूक किया जा सके।
एसडीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को लगातार  नुक्कड़ नाटक के साथ गांवों में रैली निकालकर जनगणना के लिए जागरूक करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस कुएं का उपयोग नहीं हो रहा है। इसको संरक्षित करने और लोगों को जनगणना के प्रति जानकारी देने के उद्देश्य से पेंटिंग करवाकर जनगणना की थीम पर सजाया गया है।
भारत की जनगणना का प्रारंभिक कार्यक्रम शुरू हो चुका है और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी पूरा किया जा चुका है। अब अगला चरण स्व-गणना का होगा, जो 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगा। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक मकान गणना का कार्य किया जाएगा
इस अवधि में प्रगणक क्षेत्र में पहुंचकर प्रत्येक मकान का सर्वे करेंगे। मकान स्वामी या परिवार के मुखिया से 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनका सही और सटीक उत्तर देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी होगी।
घाटमपुर तहसीलदार- जनगणना अधिकारी डॉ. अंकिता पाठक ने बताया कि तहसील परिसर में स्थित पुरानी विरासत और कला से सजाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और उन्हें जनगणना में सक्रिय करने के साथ प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि तहसील प्रशासन पुरानी धरोहर को नया रूप देकर जनगणना 2027 के लिए लोगों को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने घटनपुर क्षेत्र के लोगों को जनगणना अधिकारियों को अपनी सही जानकारी देने की अपील करी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News