May 13, 2026




संवाददाता
कानपुर। पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनने और नए मुख्यमंत्री सुवेंदू अधिकारी के शपथ ग्रहण की खुशी कानपुर में भी देखने को मिली। बीजेपी कानपुर-बुंदेलखंड इकाई की ओर से घंटाघर स्थित भारत माता प्रतिमा के पास एलईडी स्क्रीन लगाकर शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। बाद में लोगों के बीच झालमुड़ी भी बांटी गई।
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित और जिला दक्षिण अध्यक्ष शिवराम सिंह मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बंगाल में बीजेपी की जीत का जश्न मनाया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने नया नारा दिया “झालमुड़ी भई झालमुड़ी, ममता की सरकार उड़ी।” उन्होंने कहा कि बंगाल में अब राष्ट्रवादी सरकार ने शपथ ली है। इससे पहले वहां ऐसी सरकारें थीं, जिन्होंने बंगाल को बांग्लादेश बनाने की कोशिश की और घुसपैठियों को संरक्षण दिया।
उन्होंने कहा कि जनता के वोट ने घुसपैठियों की राजनीति को जवाब दिया है और अब बंगाल में सुशासन का कमल खिला है। गंगोत्री से गंगासागर तक सुशासन की धारा बह रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को भी शांति मिली होगी।
प्रकाश पाल ने महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाले नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन्होंने “नारी शक्ति वंदन” का विरोध किया, जनता ने उन्हें चुनाव में जवाब दिया। उन्होंने ममता बनर्जी, गौरव गोगोई और स्टालिन का नाम लेते हुए कहा कि विरोध करने वालों का हश्र सबके सामने है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव का भी यही हाल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *