January 20, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  गणेश चतुर्थी पर इस बार कानपुर शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप और भजन-कीर्तन की गूंज के बीच गणपति बप्पा घर-घर पधारे। हर गली-चौराहे पर भक्ति का माहौल नजर आया और लोग गणेशजी की प्रतिमा लेकर अपने घर और पांडालों में पहुंचे।
मूर्तिकारों और दुकानदारों के अनुसार इस बार बाजार में गणेश प्रतिमाओं की जबरदस्त मांग रही। घरों के लिए 1 से 5 फीट की मूर्तियां खास पसंद की गईं, वहीं पंडालों और बड़े आयोजनों के लिए 15 फीट तक की विशाल प्रतिमाओं के ऑर्डर मिले।
शहर के प्रमुख इलाकों जैसे नयागंज, बिरहाना रोड, किदवई नगर, साकेत नगर, 80 फीट रोड, शिवाला और शास्त्री नगर में गणेश मूर्तियों की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगी रही। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले सालों की तुलना में बिक्री कहीं अधिक रही।
शुभ मुहूर्त में भक्त पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ गणेशजी की स्थापना करते नजर आए। पंडितों की मौजूदगी में मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच भक्तों ने गणपति बप्पा से परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सबने मिलकर ढोल की थाप पर नाच-गाकर त्योहार का आनंद लिया।
शहरभर में गणेशोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। जगह-जगह भक्ति गीतों की धुन गूंज रही है और पंडालों में आकर्षक सजावट की गई है। कई सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने भी सार्वजनिक गणेशोत्सव का आयोजन किया है, जहां प्रतिदिन भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
गणपति बप्पा मोरया… के जयकारे कानपुर की गलियों और बड़े-बड़े पांडालों में गूंजते रहे। सुबह से ही पांडालों में भक्तों की भीड़ गणेश भगवान के दर्शन करने के लिए आती रही। 

Related News