June 15, 2026

• महिला ने लिखाया मुकदमा।

संवाददाता 

कानपुर।  महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि दहेज में एक लाख रुपये और एक प्लॉट की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके देवर ने भी उसके साथ छेड़खानी की। जब उसने इन हरकतों का विरोध किया, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे भला-बुरा कहकर घर से बाहर निकाल दिया।
महिला ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2022 में नौबस्ता निवासी एक युवक से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद से ही उसके पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
महिला के अनुसार, जब उसने परिवार के अन्य सदस्यों से शिकायत की, तो किसी ने उसकी मदद नहीं की, बल्कि उसे अपमानित करके घर से निकाल दिया गया। 

इसके बाद पीड़िता ने महाराजपुर थाने में पहुंचकर इस मामले की शिकायत दर्ज कराई।
महाराजपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

Related News