June 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। चकेरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक की मरम्मत के कार्य के चलते रेलवे की दो क्रॉसिंगे 4 दिनों के लिए बंद रहेगी। इसलिए समपार फाटक संख्या 75 – बी और 75 – सी को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक दोनों फाटक 4 जून की सुबह 7 बजे से 7 जून को शाम 6 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगे। इस दौरान फाटकों से किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन नहीं हो सकेगा। इन फाटकों के दोनों तरफ एक बड़ी आबादी रहती है। यहाँ के लोग 6-8 किमी का एक्स्ट्रा चक़्कर लगाकर आवागमन कर सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि चकेरी यार्ड की तीनों रेल लाइनों पर मशीनों के माध्यम से अनुरक्षण और मरम्मत कार्य किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे क्रॉसिंग को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा, ताकि मरम्मत कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके और रेल संचालन भी सुरक्षित बना रहे। इसके लिए रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
रेलवे प्रशासन ने आम लोगों और वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी निर्धारित की है। पूर्व दिशा की ओर जाने वाले वाहन ट्रैफिक गेट 72-बी, 73-सी और 74-सी के रास्ते के अलावा हाथीपुर तथा गंगागंज सबवे मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। वहीं पश्चिम दिशा की ओर जाने वाले वाहनों को रामादेवी ओवरब्रिज होते हुए सनिगवां मार्ग से आवागमन करना होगा। हालांकि यहां के लोगों को 4 दिनों तक 6 से 7 किमी घूम के एक्स्ट्रा चक्कर लगाना पड़ेगा।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि फाटक बंद रहने की अवधि में निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अनुरक्षण कार्य पूरा होने के बाद दोनों रेलवे फाटक निर्धारित समय पर फिर से खोल दिए जाएंगे।
रेलवे क्रॉसिंग पर आवश्यक मरम्मत और अनुरक्षण कार्य कराया जा रहा है। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए पहले से ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जारी कर दी गई है। रेलवे प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा नियमों का पालन करें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News