May 14, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
एक सीआरपीएफ जवान की पत्नी का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया, हंगामे की जानकारी पर मौके पर पहुंची गुजैनी पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। यह मामला गुजैनी थाना क्षेत्र का है।
संजय गांधी नगर निवासी सुघर नाथ ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मोनिका चौधरी की शादी सात साल पहले बर्रा–8 एफ ब्लॉक निवासी सीआरपीएफ जवान दीपक कुमार के साथ की थी। दीपक वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। उन दोनों के दो बेटे युवी और बउआ है।
मोनिका के पिता ने बताया कि बुधवार को बेटी के देवर अनुज ने फोन करके कहा कि उनकी बेटी ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मोनिका का शव फंदे से लटकता मिला। जिसके बाद परिजनों ने हत्या करके शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन आए दिन विवाहिता बेटी को प्रताड़ित करते थे, जिसमें दीपक की भी सहमति रहती थी। मृतका की बहन शिवांगी चौधरी ने कहा कि पति समेत ससुरालीजन अक्सर बहन को पीटते थे।आरोप है कि कुछ दिन पहले दीपक ने घर आकर धमकी दी थी, कि तुम्हारी बहन को मार डालेंगे। 

हंगामे की सूचना पर गुजैनी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 

थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि मृतका के ससुरालीजनों से पूछताछ की जा रही है, परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।