May 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।  शिवराजपुर कस्बे में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी और चांदी के आभूषण चुरा लिए।  जब पीड़ित परिवार शादी समारोह से अपने घर लौटा, तब उन्हें चोरी की इस घटना का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
यह घटना शिवराजपुर कस्बे के वार्ड नंबर-1 में हुई। मकान मालिक मंगली पाल पुत्र सीताराम मूल रूप से अनेई गांव के निवासी हैं। उन्होंने कस्बे में प्लॉट लेकर मकान बनवाया था। मंगली पाल फजलगंज स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनका परिवार अधिकतर समय कानपुर शहर में ही रहता है। इसी कारण शिवराजपुर स्थित उनका मकान अक्सर बंद रहता था।
शनिवार को मंगली पाल अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह से लौटकर शिवराजपुर स्थित अपने घर पहुंचे। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उन्हें शक हुआ। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।
पीड़ित मंगली पाल के अनुसार, चोर घर में रखे लगभग 25 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल और चांदी के दो सिक्के चुरा ले गए। चूंकि मकान कई दिनों से बंद था, इसलिए चोरी की घटना का सही समय ज्ञात नहीं हो सका है।
सूचना मिलते ही शिवराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *