June 8, 2026

डिजिटल मीडिया के दौर में पत्रकार बनने का सुनहरा मौका।


संवाददाता
कानपुर।  मीडिया की चकाचौंध, डिजिटल प्लेटफॉर्म, या खबरों की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय आपको मौका दे रहा है। विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए अपने खास ‘पीजी डिप्लोमा’ कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस जॉब-ओरिएंटेड कोर्स में दाखिला लेने के लिए छात्र 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
विभाग ने इस कोर्स के लिए केवल 20 सीटें तय की हैं, ताकि हर छात्र पर पूरा फोकस किया जा सके। पूरे कोर्स की फीस 42,200 रुपये रखी गई है। किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर चुके युवा इस कोर्स के लिए एलिजिबल हैं।
आज का दौर सिर्फ अखबार या टीवी तक सीमित नहीं है। अब सोशल मीडिया, रील्स, यूट्यूब और वेब पोर्टल्स की ताकत बढ़ चुकी है। इसी बदलते ट्रेंड को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने अपना पाठ्यक्रम तैयार किया है।
इस कोर्स के दौरान छात्रों को केवल किताबी ज्ञान नहीं दिया जाएगा, बल्कि उन्हें समाचार संकलन, रिपोर्टिंग, एडिटिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और प्रेजेंटेशन की बारीकियां सिखाई जाएंगी।
इसके अलावा खोजी पत्रकारिता, रेडियो-टीवी पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, जनसंपर्क, विज्ञापन और मीडिया कानून जैसे जरूरी विषयों की भी पूरी पढ़ाई कराई जाएगी।
इस कोर्स की सबसे बड़ी खासियत इसका प्रैक्टिकल अप्रोच है। छात्रों को मीडिया इंडस्ट्री के रियल वर्क कल्चर से रूबरू कराने के लिए बकायदा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी।
यूनिवर्सिटी के स्टूडियो और लैब में छात्रों को खुद समाचार बनाने, कैमरा चलाने, एंकरिंग करने और डिजिटल कंटेंट क्रिएट करने का लाइव एक्सपीरियंस मिलेगा। समय-समय पर होने वाली वर्कशॉप और मीडिया एक्सपर्ट्स से सीधी बातचीत के जरिए छात्रों को फील्ड की हर छोटी-बड़ी चुनौती और नई तकनीकों को समझने का मौका मिलेगा।
इस कोर्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि पढ़ाई पूरी होते ही युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुल जाएं। आज के समय में देश-विदेश के बड़े मीडिया घरानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स, पीआर एजेंसियों और कॉर्पोरेट सेक्टर में प्रोफेशनल्स की भारी डिमांड है।
कोर्स पूरा करने के बाद छात्र विभिन्न संस्थानों में बतौर रिपोर्टर, सब-एडिटर, कंटेंट राइटर, न्यूज प्रोड्यूसर, डिजिटल मीडिया एग्जीक्यूटिव, सोशल मीडिया मैनेजर और जनसंपर्क अधिकारी के रूप में अपने करियर की शानदार शुरुआत कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *