
संवाददाता
कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार करने के दौरान वृद्धा को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान वृद्धा ने दम तोड़ दिया। शास्त्री नगर निवासी बुजुर्ग प्रवीना त्रिपाठी के दो बेटे अंकुर व अनूप हैं। बेटे अनूप ने बताया कि वह मां के इलाज के लिए उन्हें हैलट अस्पताल लेकर गए थे। हैलट अस्पताल में माँ को छोड़ने के बाद वह अपने काम से चले गए थे। बताया कि दोपहर डेढ़ बजे मां हैलट से निकलकर घर जा रही थीं।
वह गोल चौराहे के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी कोका कोला चौराहे की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई थी, मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान वृद्धा ने देर शाम दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि राहगीरों ने बाइक सवार को पकड़ कर पुलिस को सौंपा था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
इस मामले में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि परिजनों का आरोप निराधार है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।





