February 5, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
बिल्हौर में मिडुआ गांव के निकट कानपुर अलीगढ़ हाईवे पर अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस में जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अरौल थाना क्षेत्र के नसिरापुर गांव निवासी सियाराम कश्यप पुत्र स्व. सूरज प्रसाद कश्यप अपने एक रिश्तेदार को घर पहुंचाने बाइक से क्षेत्र के बरांडा गांव में अपनी बुआ के घर गया था। रात में वहां से वापस लौटते समय कानपुर अलीगढ़ हाईवे पर मिडुआ गांव के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हौर पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना के बाद टक्कर मारने वाले वाहन सहित चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश शुरू की।
डॉक्टरों के अनुसार सिर में अधिक चोट आने के कारण युवक की मौत हुई है। यदि युवक ने हेलमेट लगाया होता तो उसकी जान बच सकती थी।